सचिन शर्मा,मनाली: हिमाचल प्रदेश में पर्यटन सीजन की शुरुआत होने वाली हैं। समर सीजन में राजधानी शिमला सहित पर्यटक पर्यटन नगरी मनाली में घूमने को प्राथमिकता देते हैं। इसी के चलते मनाली में पर्यटन कारोबार से जुड़े कारोबारी भी समर सीजन की तैयारियों में जुट चुके हैं। मैदानी क्षेत्रों में अब जैसे-जैसे गर्मियां दस्तक दे रही है और तापमान में बढ़ोतरी होती जा रही है वैसे वैसे अब सैलानियों ने भी पहाड़ों का रूख करना आरंभ कर दिया हैं, जिसके चलते हिमाचल प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार होने लगे हैं।
मनाली सहित आसपास के क्षेत्रों में अभी से जुट रही पर्यटकों की भीड़ से पर्यटन कारोबार से जुड़े कारोबारियों के भी चेहरे खिल गए हैं। पर्यटन कारोबार से जुड़े कारोबारियों की मानें तो उनका कहना है कि मनाली के अधिकतर होटलों की एडवांस बुकिंग हो चुकी हैं। वहीं मनाली होटलियर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने कहा कि पर्यटन नगरी मनाली गर्मियों के पर्यटन सीजन को लेकर पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने कहा कि मनाली के करीब 70 से 80 प्रतिशत होटलों की एडवांस बुकिंग हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में उन्हें उम्मीद है कि पर्यटक और ज्यादा संख्या में कुल्लू मनाली का रुख करेंगे और इस बार का पर्यटन सीजन काफी अच्छा चलेगा।
