शिमला: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय एलुमनाई एसोसिएशन की ओर से विश्वविद्यालय विद्यार्थी परिषद का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इसके अलावा एम्स के निदेशक रणदीप गुलेरिया, मशहूर बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर, विधानसभा अध्यक्ष सुरेश भारद्वाज विधायक कई महत्वपूर्ण हस्तियों ने शिरकत की।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने विश्वविद्यालय में बिताए दिनों को याद किया। जेपी नड्डा ने कहा कि पूरे जीवन काल में विद्यार्थी जीवन सबसे महत्वपूर्ण होता है।उन्होंने कहा कि व्यक्ति चाहे जीवन में कोई मुकाम हासिल करें, लेकिन वह विद्यार्थी जीवन को हमेशा याद करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि ईमानदारी और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य को लेकर मेहनत करते रहें। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि ईमानदारी और मेहनत के साथ ही व्यक्ति अपने जीवन में बड़ा मुकाम हासिल कर सकता है। जगत प्रकाश नड्डा ने अपने छात्र जीवन के दौरान ठाकुर चाय वाला और जगमोहन को याद किया।उन्होंने कहा कि इस विश्वविद्यालय काफी बड़े नाम दिए है चाहे प्रशासनिक अधिकारी हो या राजनेता।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी अपने कॉलेज के दिनों को याद किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सभी को ऐसा लगता है कि राजनीति का वक्त हमेशा के लिए रुक जाए। उन्होंने अपने छात्र राजनीति के दौरान लड़े गए चुनावों के किस्सों को भी सभागार में बैठी जनता के साथ साझा किया।
वहीं, संबोधन के दौरान मशहूर बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने शिमला में बिताए दिनों को बखूबी याद किया। उन्होंने कहा कि छोटे से पहाड़ी प्रदेश से बड़े शहरों में जाकर नाम बनाने का सफर बेहद मुश्किल रहा। अनुपम खेर ने बताया कि कैसे वे घर के मंदिर में अपनी मां की ओर से चढ़ाए गए रुपयों को चुराकर चंडीगढ़ ऑडिशन देने के लिए गए थे। उन्होंने कहा कि यदि जीवन में कुछ बड़ा सोचा जाए तो निश्चित तौर पर ही बड़ा हासिल भी किया जा सकता है।
