संजु चौधरी, शिमला: शिमला के साथ लगते क्षेत्र शोघी में ओर इसकी साथ की पंचायतों से स्कूल आने वाले छात्र बस सुविधा ना मिलने से परेशान चल रहे हैं। छात्रों को बस सुविधा ना होने से अभिभावकों की परेशानियां भी बढ़ती जा रही हैं। यही वजह है कि मंगलवार को शिमला के साथ लगती पंचायतों के स्कूली बच्चों के लिए स्कूल टाइम में बस की मांग को लेकर अभिभावकों का एक प्रतिनिधिमंडल एम.डी. एचआरटीसी संदीप कुमार से मिला। अभिभावकों ने एचआरटीसी प्रबंधक से स्कूल के बच्चों के लिए शोघी से वाकनाघाट तक बस सुविधा प्रदान करने की मांग की हैं।
हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रबंधक निदेशक से मिलने पंहुचे अभिभावकों का कहना है कि वाकनाघाट से शोघी स्कूल में 60 से 70 के करीब स्कूली बच्चे शिक्षा ग्रहण करने के लिए आते हैं,लेकिन जब स्कूल से छुट्टी होती है तो उस समय उन्हें अपने घर पहुंचने के लिए एचआरटीसी की कोई भी बस की सुविधा नहीं हैं। यही नहीं जब बच्चे घर पंहुचने के लिए निजी बस में चढ़ने के प्रयास करते हैं तो या उनके साथ बदसूलकी की जाती है या फिर उन्हें बस से उतार दिया जाता हैं। इस समस्या के समाधान के लिए अभिभावकों ने एचआरटीसी प्रबंध निदेशक से शोघी से वाकनाघाट तक बस सेवा प्रदान करने की मांग की हैं। अभिभावकों का कहना है कि प्रबंध निदेशक ने उन्हें समस्या के समाधान करने का आश्वासन दिया हैं।
