Hamirpur, Arvind –हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के धर्मपुर क्षेत्र में बीती रात हुई भारी बारिश ने तबाही मचा दी। बारिश के चलते क्षेत्र में 17 बसें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि चार लोग अभी तक लापता बताए जा रहे हैं। करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। बाजार पानी में डूब चुका है और स्थानीय लोग दहशत में हैं।
भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने इस आपदा पर गहरा दुख जताया। हमीरपुर में भाजपा जिला कार्य समिति की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि “प्रदेश की सरकार आपदा की इस घड़ी में पूरी तरह से नदारद है। प्रभावित परिवारों को तुरंत राहत राशि मुहैया करवाई जानी चाहिए।अनुराग ठाकुर ने सुप्रीम कोर्ट की हालिया टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब मौसम साफ हो जाएगा तो विधानसभा और लोकसभा में इस विषय पर गंभीर चर्चा की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में बार-बार आने वाली आपदाओं के कारणों की पड़ताल कर भविष्य के लिए सुनियोजित कार्ययोजना बनाई जानी चाहिए।
सांसद ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार प्रभावित लोगों की मदद करने में असफल रही है। उन्होंने कहा कि बड़सर विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान उन्होंने देखा कि सरकार लोगों को तिरपाल तक उपलब्ध नहीं करवा पा रही है। ठाकुर ने बताया कि उन्होंने स्वयं राहत के तौर पर बड़सर क्षेत्र में 200 तिरपाल भिजवाए हैं।भाजपा की जिला स्तरीय कार्य समिति की बैठक में ठाकुर ने नए पदाधिकारियों को संगठन की योजनाओं की जानकारी दी और कार्यकर्ताओं से आगामी नगर निकाय, पंचायत तथा विधानसभा चुनावों के लिए तैयारी करने का आह्वान किया।
