राहुल चावला, धर्मशाला: जिला कांगड़ा में दोपहिया वाहनों की बढ़ती हुई सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए अब दो पहिया वाहन चालकों को सुरक्षित करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा हैं। जिला पुलिस की ओर से चलाए जा रहे इस अभियान को सुरक्षित हूं मैं का नाम दिया गया हैं। इस अभियान के तहत अब दोपहिया वाहनों पर चालक के साथ-साथ पीछे बैठे सवार को भी हेल्मेट पहनना अनिवार्य होगा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांगड़ा हितेश लखनपाल ने बताया कि अभियान के तहत 15 मार्च तक जिला पुलिस वाहन चालकों को जागरूक किया जाएगा। इसके उपरांत यदि नियमों की पालना नहीं होती है तो चालान काटे जाएंगे।
इस दौरान 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के युवाओं को हेल्मेट पहनने को जागरूक किया जाएगा कि वह वाहन चलाते समय हेल्मेट पहनें ओर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करें। सुरक्षित यातायात और यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर नजर रखने के लिए जिला में इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के लिए 5 नई लोकेशन चिन्हित की गई हैं।
वहीं जिला मुख्यालय धर्मशाला में विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरा भी लगाए जा रहे हैं। सीसीटीवी कैमरा की मदद से दुर्घटना कर फरार होने वालों पर नजर रखने के साथ उन्हें पकड़ने में सहायता मिलेगी।
