बिलासपुर : सुभाष ठाकुर (TSN) – घुमारवीं विकास खंड कार्यालय में घुमारवीं उपमंडल के सभी विभागों की समीक्षा बैठक हुई ।जिसकी अध्यक्षता एस डी एम घुमारवीं ने की और विधायक राजेश धर्माणी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। बैठक में सभी विभागों ने अपनी अपनी रिपोर्ट पेश की। बैठक में मुख्य रूप से इन मुद्दों पर चर्चा की गई कि सरकार द्वारा क्या क्या योजनाएं लोगों के लिए चलाई जा रही है और इन स्कीमों को कैसे आम जनता तक पहुंचाया जाए ताकि पात्र लोग इनका लाभ ले सके। इसके अलावा बरसात में आई आपदा में जिन लोगों को नुक्सान हुआ है उनकी और कैसे सहायता की जा सकती है ।
बैठक में धर्माणी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वह सुनिश्चित करें कि सरकार द्वारा दी जा रही सहायता व योजनाएं जनता तक पहुंचे। इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दास्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस बार घुमारवीं में सीर उत्सव मनाने की शुरुआत की जा रही जो हर वर्ष मनाया जाएगा। यह उत्सव हर वर्ष 2 अक्तूबर को मनाया जाएगा। इस उत्सव में क्या क्या गतिविधियां और कार्यक्रम होंगे उसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है और बहुत जल्द इसे फाइनल कर लोगों को बता दिया जाएगा। इस उत्सव में पूरे घुमारवीं के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी और विभिन्न गतिविधियों में युवा वर्ग, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे अपने अलग अलग कार्यक्रम लेकर आएंगे और ग्रामीण महिला मंडलों व युवक मंडलों को भी इसमें जोड़ा जाएगा। उन्होने बताया कि सीर खड्ड घुमारवीं की पहचान है और इसी के नाम पर यह उत्सव शुरू किया जा रहा है,हम सब मिलकर इस आयोजन को सफल बनाने के लिए काम कर रहे हैं ।उन्होने लोगों से भी अपील की है कि वे भी अपनी राय सांझा कर सकते हैं कि इस उत्सव में क्या क्या गतिविधि होनी चाहिए ।
