सचिन शर्मा, मनाली(TSN): हिमाचल प्रदेश में आई आपदा के चलते 1600 सड़के भूस्खलन के कारण बंद हो गई थी लेकिन आज प्रदेश की हालत सुधर गई हैं। मात्र 60 सड़के ही भूस्खलन के चलते बंद पड़ी हुई हैं। ऐसे में इन सड़कों को बहाल करने के लिए भी अब लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। यह बात लोक निर्माण विभाग के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अपने कुल्लू मनाली दौरे के दौरान मनाली में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही ।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में मात्र 60 सड़के वाहनों की आवाजाही के लिए बची हुई है और 15 सितंबर तक इन सड़कों को भी वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सड़कों को जो नुकसान हुआ है उसके लिए एक बार फिर से दिल्ली में जाकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ मुलाकात की जाएगी और सड़कों को बहाल करने के लिए केंद्र सरकार से भी आर्थिक रूप से मदद मांगी जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अधिकतर सड़कों को दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया हैं। सड़क पर्यटकों के लिए पूरी तरह से सुरक्षित हैं, ऐसे में बाहरी राज्यों के पर्यटक अब बिना किसी डर के हिमाचल का रुख कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर्यटन आधारित प्रदेश है और यहां के लोगों की आर्थिकी का मुख्य स्रोत भी पर्यटन हैं। आपदा के कारण यहां का पर्यटन कारोबार भी खासा प्रभावित हुआ हैं लेकिन अब सड़कों की हालत सुधार दी गई है और प्रदेश के भीतर बाहरी राज्यों से बड़े पर्यटक वाहनों का आना भी शुरू हो गया हैं, ऐसे में आने वाले कुछ दिनों में पर्यटन के क्षेत्र में भी हालत में काफी सुधार आएगा।
