संजीव महाजन,नूरपुर: नूरपुर के स्थानीय सिविल अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध होगी। इसके लिए अस्पताल में जच्चा बच्चा विंग तैयार किया गया है। इसका लोकार्पण शनिवार को वन युवा सेवाएं एवम खेल मंत्री राकेश पठानिया ने किया। 13 करोड़ रुपए की लागत से इस विंग को अस्पताल में तैयार किया गया है।
इस दौरान उन्होंने कहा कि नूरपुर के जिला बनने के बाद टांडा के बाद नूरपुर में मेडिकल कॉलेज बनेगा। उन्होंने कहा कि नूरपुर के अस्पताल में पहले चरण में 50 बिस्तरों की व्यवस्था की गई है जिसमें इलाज के लिके जरूरी सभी आधुनिक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि इस विंग में तमीरदारों के लिए ठहरने के लिए भी अलग वार्ड बनाया गया है ।
वन मंत्री ने कहा कि अब जच्चा-बच्चा विंग के बनने से लोगों को जहां घरद्वार के नजदीक बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी वहीं निजी अस्पतालों में उपचार पर होने वाले भारी भरकम खर्चे से छुटकारा मिलेगा। उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया गया है। जहां इस अस्पताल में बिस्तरों की संख्या को बढ़ा कर 200 किया गया है ओर वर्तमान में इस अस्पताल में 31 विशेषज्ञ डॉक्टर अपनी सेवाएं दे रहे है। इसके अतिरिक्त यहां पर ऑक्सीजन प्लांट, नए इमरजेंसी वार्ड का निर्माण भी किया गया है।
राकेश पठानिया ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में पांच वर्षों में ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती पर विशेष बल दिया गया है ताकि लोगों को घरद्वार ने नजदीक बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
