नाहन/देवेन्द्र कुमार: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के बयान पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने एक बार फिर कांग्रेस को निशाने पर लिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शनिवार देर शाम राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव के कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए पांवटा साहिब पहुंचे। मीडिया से बातचीत के दौरान पत्रकारों द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सरकार द्वारा चुनावी समय में करवाए कार्यक्रमो पर सवाल उठा रही है। जबकि हकीकत यह है कि कांग्रेस ने अपने समय में बिना किसी बजट के चुनाव के समय में अंतिम दिन तक उद्घाटन व शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार काम कर रही है और हर शिलान्यास बजट उपलब्ध होने के बाद किया जा रहा है, जो चुनाव आचार संहिता ना लगने तक जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार के समय में भाजपा ने कोई टिप्पणी नहीं की ऐसे में कांग्रेस को भी टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है।
सीएम ने यमुना शरद महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या में भी लिया हिस्सा
मुख्यमंत्री ने यमुना शरद महोत्सव को लेकर कहा कि यमुना का शास्त्रों में भी विवरण है। ऐसे में यमुना शरद महोत्सव का आयोजन करना एक बेहद सराहनीय कार्य है। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई भी दी। यमुना शरद महोत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।कार्यक्रम में पंजाबी गायक शिवजोत स्टार कलाकार के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान पहाड़ी संस्कृति की झलक भी यहां देखने को मिली।
