राकेश,ऊना: प्रदेश में कांग्रेस सरकार की ओर से पूर्व भाजपा सरकार की ओर से खोले गए संस्थानों और कार्यालयों को डी नोटिफाई करने के फ़ैसले के विरोध में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ऊना में डीसी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा।
बता दें कि प्रदेश सरकार ने हाल ही में नोटिफिकेशन कर प्रदेश भर में एक समय सीमा के दौरान कुछ नए खुले चिकित्सा संस्थानों एवं दफ्तरों को डी नोटिफाई कर दिया था। बीजेपी ने दफ्तर बंद किए जाने को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा हैं कि दूरदराज से आने वाले लोगों को अपने घर के नजदीक ही सुविधा मिल सके इस मकसद से पूर्व बीजेपी सरकार ने दफ्तरों और स्वास्थ्य केंद्रों को खोला था, लेकिन कांग्रेस सरकार ने आते ही एक आदेश पारित कर इन सभी दफ्तरों को बंद कर दिया हैं।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में दूरदराज के क्षेत्रों से लोगों को अब अपने काम करवाने के लिए कई किलोमीटर का सफर तय कर जिला मुख्यालय आना पड़ेगा। इससे आम जनता को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। बीजेपी ने कहा कि आज उन्होंने डीसी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर इस फ़ैसले पर कार्रवाई किए जाने की अपील की हैं। अगर जल्दी सरकार ने अपने आदेश को वापस नहीं लिया तो बीजेपी आंदोलन करेगी और सड़कों पर उतर कर कांग्रेस सरकार का चेहरा बेनकाब करेगी।
