मंडी/परी शर्मा: सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के संभावित प्रत्याशी राजीव परमार ने कहा कि अगर आलाकमान से उन्हें टिकट मिलती है तो वे चुनाव लड़ेंगे और युवा शक्ति के साथ आगे बढ़कर जीत भी हासिल करेंगे। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि सरकाघाट आज हर क्षेत्र में पीछे है और अगर आलाकमान से उन्हें टिकट मिलती है तो वे सरकारघाट को अलग जिला बनाने को लेकर भी कवायद करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकाघाट क्षेत्र शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और कृषि में पीछे रह गया है। जमीनी स्तर पर कोई भी कार्य नहीं हुआ है।
सरकाघाट में नगर परिषद भी ठीक से कार्य नहीं कर रही है, यहां सिवरेज तक नहीं बनाई गई है। राजीव परमार ने कहा कि सरकाघाट क्षेत्र में प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन वहां युवाओं को मंच नहीं मिल पा रहा है, खेलने के लिए मैदान तक नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकाघाट को जिला बनाने की आवाज उठती आई, लेकिन इस पर कभी कोई विचार नहीं हुआ। इसलिए सरकाघाट को जिला बनाने के लिए वे आवाज उठाएगें और प्रयास भी करेगें। परमार ने कहा कि अगर उन्हें टिकट मिलती है तो वे युवा वर्ग, बुजुर्गो, मातृ शक्ति को लेकर साथ चलेगें, जीत हासिल करगें और सभी क्षेत्रों में एक सम्मान कार्य किया जाएगा।
