मंजूर पठान, चंबा: इस बार अगर आप बर्फबारी के दौरान हिमाचल के चंबा जिला के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल डलहौजी घूमने का प्लान बना रहे हैं तो आप बेफ़िक्र होकर यहां आ सकते हैं। यहां बर्फ़बारी के बीच आपको परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि इससे निपटने के लिए जिला प्रशासन की ओर से पहले ही तैयारी की जा रही हैं। पर्यटन नगरी डलहौज़ी अपनी खूबसूरती के लिए पूरी दुनिया भर में मशहूर है और यहां हर साल लाखों की संख्या में पर्यटक घूमने के लिए आते है। सर्दियों के मौसम में बर्फबारी के दौरान बर्फबारी को देखने के लिए पर्यटक यहां पहुंचते हैं। ऐसे में बर्फबारी के बीच परेशानी पर्यटकों को ना हो इसके लिए प्रशासन पहले ही तैयारियां कर रहा है।
डलहौजी प्रशासन की ओर से सभी विभागों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि इस दौरान आने वाले पर्यटकों की सुविधाओं को देखते हुए बिजली विभाग, जल शक्ति विभाग, होटल कारोबारी, टैक्सी चालक अपने स्तर पर मुकम्मल तैयारी रखें। प्रशासन ने सभी को चेताया है कि डलहौजी में भारी बर्फबारी होती है और ऐसे में यहां देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं। इन पर्यटकों को बर्फबारी की वजह से किसी तरह की दिक्कतों का सामना ना करना पड़े इसके लिए सभी तरह की तैयारियां पहले ही बर्फ़बारी की आपदा से निपटने के लिए पूरी होनी चाहिए।
एसडीएम डलहौजी जगन ठाकुर ने बताया कि डलहौजी में काफी ज्यादा बर्फबारी होती है और ऐसे में यहां पर्यटक थी काफी ज्यादा संख्या में पहुंचते हैं। बर्फ़बारी के दौरान यहां सबसे अहम कार्य पीडब्ल्यूडी विभाग का रहता है जो सड़कों को खोलने का काम करते हैं। विभाग को यह निर्देश दिए गए हैं कि विभाग अपनी मशीनरी खजियार से डलहौजी और बनीखेत से डलहौजी के बीच तैनात करें जिससे बर्फ़बारी के तुरंत बाद सड़क बहाली का कार्य शुरू किया जा सके।
बर्फबारी के दौरान पर्यटकों के लिए टोल फ्री नंबर भी जारी किया गया है। इसके अलावा होटल कारोबारियों और टैक्सी चालकों को भी अलग से रेट सूची दी गई है। वह लोग तय दाम से ज्यादा दाम पर्यटकों से नहीं वसूल सकेंगे। डीएसपी डलहौजी को भी निर्देश दिए गए हैं कि पुलिस की टीम पर्यटकों के लिए अहम भूमिका निभाएं और अगर बर्फबारी के दौरान किसी को परेशानी होती है तो तुरंत पुलिस रेस्क्यू अभियान चलाए।
