बीबीएन/जगत सिंह – नालागढ़ के तहत पंजाब सीमा पर स्थित रामपुर गांव में इन दिनों अवैध खनन जोरों पर चला रहा है। खनन कारोबारी दिनदहाड़े ही जेसीबी मशीनें व टिपर लगाकर यहां अवैध खनन कर रहे हैं और यह अवैध खनन हिमाचल प्रदेश की सरकारी भूमि व लोगों के निजी खेतों में किया जा रहा है । जिसको लेकर स्थानीय लोगों में खासा रोष देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने खनन माफिया को खनन करने से रोका तो स्थानीय लोगों को धमकी दी गई। लोगों को कहा कि पंजाब में उनकी सरकार है और उनका सहयोग है।
अब पंजाब से सटे गांव रामपुर के लोगों में खासा रोष देखा जा रहा है क्योंकि पंजाब के लोग हिमाचल में आकर दिनदहाड़े अवैध खनन कर रहे हैं और प्रदेश की बेशकीमती खनन सामग्री को लूट रहे हैं। रामपुर गांव के स्थानीय लोगों ने हिमाचल प्रदेश की नवनियुक्त काग्रेस सरकार व स्थानीय प्रशासन से अपील की है कि जल्द खनन माफिया पर नकेल कसी जाए ताकि उनकी जमीने भी बच सके और खनन की वजह से जलस्तर जैसे नीचे जा रहा है और पर्यावरण को भी बचाया जा सके।
