कुल्लू, 1 जुलाई: जिले में मानसून की दस्तक के साथ ही जनजीवन प्रभावित होने लगा है। बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं और भारतीय मौसम विभाग ने कुल्लू जिले में 5 जुलाई तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उपायुक्त तोरुल एस. रवीश ने कहा कि किसी को भी नदी-नालों के पास नहीं जाना चाहिए। ट्रैकिंग पर जाने वालों को भी मौसम को ध्यान में रखते हुए योजना बनानी चाहिए।
जिले के पांच डिवीज़न में हालात चुनौतीपूर्ण हैं:
- बंजार में 11 रूट्स और आनी में 21 रूट्स अभी भी बंद हैं।
- मनाली में 8 ट्रांसफार्मर और थलौट में 19 ट्रांसफार्मर बाधित हैं।
- जलापूर्ति की 100 से अधिक योजनाएँ, जो बारिश से बंद हो गई थीं, बहाल कर दी गई हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग-3 पर बिंदु ढांक के पास सड़क की मरम्मत का कार्य तेज़ी से जारी है और एक-दो दिन में यह दोतरफा यातायात के लिए खोल दी जाएगी। सैंज-रैला पुल को बहाल कर दिया गया है, वहीं मनिहार के पास सड़क को जल्द बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।प्रशासन ने सभी उपमंडलों में निगरानी बढ़ा दी है और राहत कार्यों में तेजी लाई गई है।
