Bilaspur, Subhash-प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और खड्डों का जलस्तर बढ़ने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हालांकि बिलासपुर जिला में स्थिति अभी नियंत्रण में है और प्रशासन सतर्कता के साथ हालात पर नजर बनाए हुए है।
उपायुक्त राहुल कुमार ने जानकारी दी कि जिले में अब तक किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। सभी प्रमुख मार्ग खुले हुए हैं और पेयजल आपूर्ति भी सामान्य बनी हुई है। हालांकि कुछ स्थानों पर छोटे स्तर पर भूस्खलन की घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिनसे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।उन्होंने बताया कि सीर खड्ड और अली खड्ड का जलस्तर खतरनाक सीमा के करीब पहुंच चुका है। इसी बीच एक महिला के बह जाने की दुखद घटना भी सामने आई है। राहत और बचाव कार्यों को तत्परता से अंजाम देने के निर्देश सभी उपमंडल अधिकारियों को दे दिए गए हैं।
आईपीएच व पीडब्ल्यूडी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि किसी भी योजना या सड़क के प्रभावित होने पर तत्काल मरम्मत कार्य शुरू किया जा सके।
उपायुक्त ने जिले के नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा:
- नदी-नालों के पास न जाएं,
- रात के समय अनावश्यक यात्रा से बचें,
- पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की आशंका को नजरअंदाज न करें।
मौसम की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने सभी एसडीएम को अपने स्तर पर स्कूलों में अवकाश घोषित करने के निर्देश भी दे दिए हैं।
