मंडी :धर्मवीर (TSN)-देश में लोकसभा चुनाव होने वाले हैं और इसके लिए विभिन्न दलों के संगठनों व इकाइयों ने इसके लिए कमर कस ली है और चुनावों की तैयारियों में कार्यकर्ता जुट गए हैं। इसी के चलते हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता युवा मोर्चा के द्वारा 24 फरवरी से 5 मार्च तक चलाए जाने वाले युवा चौपाल कार्यक्रम के लिए मंडी में युवा मोर्चा की एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता प्रदेश प्रवक्ता चंदन पंडित ने की।
बैठक में युवा चौपाल कार्यक्रम को सफल बनाने के बारे में चर्चा की गई व आने वाले लोकसभा चुनावों को लेकर भी रणनीति तैयार की गई। बैठक उपरांत पत्रकारों से अनौपचारिक वार्ता में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता चंदन पंडित ने कहा कि युवा मोर्चा होने वाले लोकसभा चुनावों में अपनी महत्वपूर्ण भुमिका निभाएगा। जिसके लिए युवा मोर्चा ने रोड़मैप तैयार कर लिया है। उन्होंने बताया कि केंद्र की मोदी सरकार के द्वारा युवाओं के लिए चलाई गई स्कीमों की जानकारी प्रदेश के हर गांव के युवाओं के साथ सांझी की जाएगी। उन्होंने बताया कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता इस दौरान गांव में जाकर युवाओं के साथ चौपाल लगाएंगे और मोदी सरकार की योजनाओं का प्रचार प्रसार करेंगे। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा नरेंद्र मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार युवा विरोधी सरकार है जो हर क्षेत्र में विफल साबित हो रही है। युवा मोर्चा की बैठक में जिला के पदाधिकारियों सहित दं्रग विधानसभा क्षेत्र के युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
