अरविंदर सिंह, हमीरपुर: सिविल अस्पताल नादौन में चिकित्सक का बर्ताव सही ना होने के मामले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच बैठा दी गई हैं। मामले में उक्त चिकित्सक को कारण बताओ नोटिस भी विभाग की ओर से जारी किया गया हैं।
मामले के तहत 7 अप्रैल को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की माता जी संसार देवी अपनी स्वास्थ्य जांच के लिए सिविल अस्पताल नादौन आई थी। यहां अस्पताल में एक चिकित्सक का रवैया ठीक नहीं होने के कारण संसार देवी को यह उचित नहीं लगा। इस पर शिकायत स्वास्थ्य विभाग में दर्ज की गई जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने उक्त चिकित्सक के खिलाफ जांच शुरू कर दी हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.आरके अग्निहोत्री ने बताया कि मामले की जांच के लिए विभाग की ओर एक तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है, जो जांच के बाद अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को देगी। वहीं, संबंधित चिकित्सक को भी कारण बताओ नोटिस जारी करके जवाब मांगा गया हैं।
