सचिन शर्मा,मनाली:पंचायत समिति नग्गर में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष पद के लिए सोमवार को मतदान हुआ। इन चुनावों में भी कांग्रेस ने भाजपा से अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का पद छीन लिया। कांग्रेस समर्थित बीडीसी सदस्य खेख राम पंचायत समिति नग्गर के अध्यक्ष बने हैं जबकि अनूप उपाध्यक्ष पद पर विजयी हुए हैं।
अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस समर्थित खेख राम व भाजपा समर्थित हुक्म के बीच मुकाबला हुआ। खेख राम को 14 और हुक्म को सात मत पड़े जबकि चार वोट रिजेक्ट हुए। उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस समर्थित अनूप राम व भाजपा समर्थित रंजना के बीच मुकाबला हुआ। अनूप को 15 जबकि रंजना को 10 मत पड़े। कांग्रेस समर्थित समिति सदस्यों ने भाजपा समर्थित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित किया था।
21 मार्च को इस संदर्भ में 13 सदस्यों ने बीडीओ को अविश्वास प्रस्ताव पारित कर दिया था,जिसके बाद उपायुक्त ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए बैठक रखी थी। पहली बैठक में कोरम पूरा नहीं होने के कारण चुनाव नहीं हो सके। आज दस मार्च को बीडीसी अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के लिए पुनः चुनाव करवाए गए।
एसड़ीएम मनाली रमण कुमार शर्मा ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को पद और गोपनीयता की शपथ दिलवाई। भाजपा को पंचायत समिति के चुनावों में क्रास वोटिंग के कारण बड़ा झटका लगा। इस कारण भाजपा को दो साल में ही पंचायत समिति से बाहर होना पड़ा। वहीं नग्गर पंचायत समिति पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को विजयी बना कर मनाली विधानसभा विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने अपनी ताकत दिखाई।
