मंडी : धर्मवीर – इंटरनेशनल मिलेट ईया बेहतरीन खान-पान के भविष्य की एक ऐसी शुरूआत है जो हमें आज तो छोटी सी नजर आ रही है, लेकिन भविष्य के लिए यह बड़ी शुरूआत साबित होने वाली है। यह बात प्राकृतिक खेती के माध्यम से पद्श्री जैसा सम्मान हासिल करने वाले उन्नत किसान नेक राम शर्मा ने आज पंडोह में कही।
इंटरनेशनल मिलेट ईयर बेहतरीन खान-पान के भविष्य की शुरूआत
नेक राम शर्मा पंडोह में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अनुसंधान संस्थान में इंटरनेशनल मिलेट ईयर पर आयोजित वर्कशॉप में शामिल होने यहां आए हुए थे। नेक राम शर्मा ने उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों, किसानों और शिक्षण संस्थानों के बच्चों को मोटे अनाज के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि आज हमें रसायनयुक्त भोजन को अपनी थाली से हटाकर रसायनमुक्त भोजन को शामिल करने की तरफ आगे बढ़ना है। सजीव भोजन को शामिल करने की जरूरत है तभी हम स्वस्थ रहे सकते हैं। उन्होंने उपस्थित किसानों को प्राकृतिक खेती के बारे में भी बताया और अपनी तरफ से कुछ बीज भी मुहैया करवाए।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अनुसंधान संस्थान पंडोह के निदेशक डा. राजेश संद ने बताया कि इंटरनेशनल मिलेट ईयर पर इस कार्यशाला का आयोजन किया गया था, जिसमें चार पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधि, किसान, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और बच्चे शामिल हुए। उन्होंने वर्कशॉप में शामिल होने के लिए पद्मश्री नेक राम शर्मा का आभार जताया और उनके द्वारा मोटे अनाज पर दी गई जानकारियों को ज्यादा से ज्यादा किसानों तक पहुंचाने की बात कही।
वर्कशॉप के दौरान पद्मश्री नेक राम शर्मा ने उपस्थित लोगों के साथ सीधा संवाद भी किया और उनके सवालों के जवाब भी दिए। सभी सवालकर्ताओं को उन्होंने पूरी तरह से संतुष्ट करके भेजा।
