शिमला : कमल भारद्वाज (TSN)- दशहरा पर्व देशभर में उत्साह के साथ मनाया गया। शिमला में भी लोगों ने जगह-जगह बुराई पर अच्छाई की जीत के इस पर्व को शानदार ढंग से मनाया। रावण दहन को देखने के लिए जाखू में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। सीएम ने रिमोर्ट का बटन दबाकर 50 फीट ऊंचे रावण तथा कुंभकर्ण व मेघनाथ के 40-40 फीट ऊंचे पुतले को आग लगाकर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया।इस दौरान लोकनिर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह व शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान प्रदेशवासियों को इस पर्व की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि असत्य पर सत्य की जीत का यह पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। भगवान राम के बताए हुए रास्ते पर हम सभी को चलने का प्रयास करना चाहिए। वही कुल्लू दशहरे को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार 15 देश इसमें भाग ले रहे हैं, ऑस्ट्रेलिया के एंबेसडर को भी न्यौता दिया गया है। प्रदेश में आई आपदा के बाद बड़े स्तर पर दशहरे का आयोजन किया जा रहा है। प्रदेश आपदा के इस दौर से धीरे-धीरे उभर कर बाहर आ रहा है।
