भावना,शिमला: प्रदेश में ओल्ड पेंशन बहाल करवाने को लेकर एनपीएस कर्मचारी महासंघ निर्णायक लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है। महासंघ की ओर से शिमला सहित चारों संसदीय क्षेत्रों में क्रमिक अनशन शुरू किया गया है ओर अब चुनावी समय को देखते हुए एनपीएस महासंघ ने NPS पर चोट OPS को वोट अभियान शुरू किया है। वीरवार को इस अभियान की शुरुआत महासंघ ने राजधानी शिमला से की और अब इस अभियान के तहत कर्मचारी ओल्ड पेंशन की बहाली को लेकर लोगों के बीच जाएंगे। हर ब्लॉक स्तर पर यह अभियान चलेगा।
एनपीएस कर्मचारी महासंघ जिला शिमला अध्यक्ष कुशाल शर्मा ने कहा कि 2015 से महासंघ ओल्ड पेंशन बहाल करवाने की लड़ाई लड़ रहा है। केंद्र सरकार के समक्ष भी यह मामला उठाया गया और विधानसभा घेराव किया गया। मुख्यमंत्री के साथ भी बैठके हुई है, लेकिन सरकार की ओर से आश्वासन तक नहीं दिया गया और अब पेंशन की बहाली के लिए 13 अगस्त को शिमला में क्रमिक अनशन शुरू किया गया है। आज क्रमिक अनशन का 34 वां दिन है। इसके अलावा कांगड़ा,हमीरपुर,मंडी में भी अनशन पर कर्मी बैठे है।
उन्होंने बताया की अब एनपीएस पर चोट ओपीएस को वोट अभियान महासंघ की ओर से शुरू किया गया है जिसके तहत कर्मचारी आम जनता के बीच जाएंगे ओर उसी को वोट देने की अपील की जाएगी जो पुरानी पेंशन बहाल करेगा। उन्होंने कहा कि यदि ये सरकार ओल्ड पेंशन बहाल नहीं करती है तो आगामी विधानसभा चुनावों में इसका खामयाजा भुगतना पड़ेगा। प्रदेश में एक लाख 20 हजार एनपीएस कर्मी है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर की ओर से मिशन रिपीट की बात कही जा रही है,लेकिन ओल्ड पेंशन बहाल नही की जाती तो मिशन रिपीट का सपना साकार नहीं होगा।
