राकेश,ऊना: प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए नामांकन करने का आज अंतिम दिन है। अभी तक जिन प्रत्याशियों ने नामांकन की प्रक्रिया को पूरा नहीं किया है वह आज नामांकन कर रहे हैं। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में हॉट मानी जाने वाली सीट हरोली से आज भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी राम कुमार शर्मा ने अपना नामांकन दर्ज किया। नामांकन पत्र दाखिल करवाने के लिए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर स्वयं रामकुमार के समर्थन में हरोली पहुंचे।
नामांकन पत्र दाखिल करने से पूर्व पार्टी प्रत्याशी राम कुमार ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन कर अपना दमखम दिखाया। शक्ति प्रदर्शन के दौरान भारी संख्या में लोग वहां उपस्थित रहे। एक अनुमान के मुताबिक राम कुमार अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के मुकेश अग्निहोत्री के मुकाबले अधिक संख्या बल जुटाने में सफल दिखाए दिए। नामांकन पत्र दाखिल करने से पूर्व एक जनसभा में पार्टी प्रत्याशी राम कुमार ने अपने समर्थन के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त किया और पूरे दमखम से पिछले 5 सालों की तरह आगे भी कार्य के जाने का दावा किया। राम कुमार ने जीत के प्रति पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हुए हरोली को भी भाजपा की झोली में डाले जाने की बात कही।
वहीं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस जनसभा में अपने साथी और पार्टी प्रत्याशी राम कुमार का हौसला बढ़ाया और नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री पर भी जमकर तंज कसे । उन्होंने अग्निहोत्री के नामांकन के दौरान स्टेज गिर जाने को प्राकृतिक संकेत बताते हुए नेता विपक्ष और कांग्रेस का तंबू हिमाचल से उखड़ जाने का भी दावा किया। उन्होंने नेता विपक्ष पर उनके कार्यकाल के दौरान अहम पदों पर रहने के बावजूद उद्योगों को विकसित करवाने में नाकाम रहने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने मीडिया से बात करते हुए नाराज नेताओं को मना लिए जाने का भी दावा किया। उन्होंने विपक्ष को सपने लेने की आदत छोड़ देने की नसीहत देते हुए प्रदेश में भाजपा है और भाजपा ही रहेगी का दावा किया।
