Una, Rakesh (TSN)-हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दो युवकों ने चालाकी से एक बुजुर्ग महिला को गन्ने का रस पिलाकर उसके कीमती गहने ठग लिए।घटना ऊना के पुराने और नए बस स्टैंड के बीच की है।
जनकौर गांव निवासी स्वरनी देवी, जो किसी काम से ऊना मुख्यालय आई थीं, रास्ते में दो युवकों की बातों में उलझ गईं।पहले एक युवक ने होशियारपुर जाने का रास्ता पूछा और तभी दूसरा युवक भी आ गया। दोनों ने महिला को भरोसे में लिया और मदद के बहाने उसे गन्ने का रस पिलाया।रस पीने के बाद दोनों युवकों ने महिला को ढाई लाख रुपये की नकली नोटों की गड्डी देने का नाटक किया। महिला के मुताबिक, गड्डी के ऊपर एक असली 500 का नोट चिपका हुआ था।इस दौरान महिला ने खुद अपने कानों की बालियां निकाल कर दे दीं, जबकि हाथों के कंगन कब और कैसे निकाले गए, उसे याद नहीं। बाद में ठगों ने उसे नकली गहने पकड़ा दिए और मौके से फरार हो गए।होश में आने पर महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जांच में महिला को दी गई नोटों की गड्डी और गहने नकली पाए गए।
फिलहाल पुलिस ने शहर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। शुरुआती फुटेज में दोनों युवक बुजुर्ग महिला के साथ चलते हुए दिख रहे हैं।स्वरनी देवी का कहना है कि यह उनकी जिंदगी का पहला ऐसा अनुभव है, वह हमेशा सतर्क रहती थीं लेकिन इस बार गन्ने का रस पीने के बाद उन्हें कुछ अजीब महसूस हुआ।पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
