Nurpur,Sanjeev Mahajan(TSN)-श्रीनगर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के बाद हिमाचल प्रदेश में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।जिला कांगड़ा की विधानसभा नूरपुर स्थित कंडवाल चैकपोस्ट पर पुलिस की निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी गई है।
नूरपुर विधानसभा क्षेत्र पंजाब राज्य की सीमा से सटा हुआ है और कंडवाल चैकपोस्ट पंजाब एवं जम्मू-कश्मीर के लिए मुख्य प्रवेश द्वार माना जाता है।इसी कारण यहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।चैकपोस्ट पर दिन-रात हर वाहन और व्यक्ति की कड़ी निगरानी की जा रही है।पुलिस बल के साथ-साथ आईटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) के जवानों को भी चैकपोस्ट पर तैनात किया गया है।
सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त-DSP
डीएसपी विशाल वर्मा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि पहलगाम हमले के बाद प्रदेश की सभी सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।उन्होंने कहा कि कंडवाल चैकपोस्ट पर विशेष निगरानी की जा रही है,हर गाड़ी की जांच की जा रही है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।डीएसपी वर्मा ने क्षेत्रीय जनता से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले,तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि सभी नागरिक सुरक्षित रहें।
