सोलन :योगेश शर्मा- सोलन शहर नगर परिषद से अब नगर निगम बन चुका है ऐसे में लोगों को भी उम्मीद है कि नगर निगम में विकास कार्य तेजी से होंगे लेकिन सोलन शहर के वार्ड 07 स्थित आदर्शनगर में रास्तो और खुली नालियो से लोग परेशान हैं। जगह जगह पड़े गड्ढों से जहां चलने में दिक्कत होती है। वहीं खुली नालियों से किसी भी हादसे का खतरा बना रहता है। यहां के लोगों का कहना है कि यह हालत कई सालों से है। लेकिन जो पार्षद बन जाते हैं वो उनकी सुध लेने तक नहीं आते।
बता दे कि यह स्थान पूर्व में वार्ड 07 और 15 की सीमा पर हुआ करता था। नगर निगम बनने के बाद यह पूरा वार्ड 07 में शामिल हो गया। लेकिन इससे क्षेत्र को कोई लाभ नहीं मिला। लोगों का कहना है कि यहां हालत बद से बदतर होती जा रही है। नालियां यहां खुली पड़ी हैं जिस में कई बार गिरकर लोग चोटिल हो चुके हैं। लेकिन कोई सुध लेने वाला नहीं है। इसके अलावा रास्तों की हालत भी खराब है। यहाँ बच्चे खेलते हैं लोग देर रात काम से वापस भी आते हैं। लेकिन इसे ठीक करवाने पर कोई विचार नहीं हुआ।
कुर्सी पर बैठाकर ले जाने पड़ते हैं मरीज़
एक स्थानीय महिला ने बताया कि रास्ते की हालत इतनी खराब है कि किसी मरीज़ को लाने-ले जाने के लिए कुर्सी पर बैठाकर या पीठ पर लादकर यहां से ले जाते हैं। अढ़ाई साल पहले यहां खुदाई का काम हुआ लेकिन उसके बाद अधूरा ही छोड़ दिया गया। उन्होंने वार्ड पार्षद से नाराज़गी जताते हुए कहा कि उन्होंने बड़े बड़े वादे किये थे लेकिन किया कुछ नहीं।
निगम के कर्मचारी नालियों में फेंकते है कूड़ा
वहीं स्थानीय युवा मनोज रघुवंशी का कहना है कि उनके यहां कई समस्याएँ हैं। उनका रास्ता सालो से टूटा पड़ा है। उसकी रिपेयरिंग नहीं हुई। नालियां टूटी पड़ी है। कूड़ा इकठ्ठा करने के लिए आने वाले निगम कर्मचारी कूड़ा यहीं फेंक देते हैं। नालियां खुली पड़ी हैं। जिसमे बच्चों के गिरने का खतरा है और बीमारियां भी लग सकती हैं।
ये बोली वार्ड पार्षद
स्थानीय पार्षद पूजा यह मामला उनके संज्ञान में है। इस समस्या को सुलझाने के लिए टेंडर पूर्व में लगा दिया गया था। लेकिन ठेकेदार के बीमार हों जाने के बाद टेंडर कैंसिल करना पड़ा था। अब नया टेंडर 15 अप्रैल को खुलेगा। उसके बाद यहाँ इस स्थान पर नई टाइल्स लगाईं जाएँगी। ड्रेनिंग के लिए पाइप लगेंगी। नालियों को ढाका भी जाएगा।
