सोलन/योगेश: सोलन के नगर पंचायत कण्डाघाट में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण एवं आयुष मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने 3.33 लाख रुपए की लागत से वार्ड नम्बर 7 में महादेव मंदिर के लिए फुट ब्रिज, 4.53 लाख रुपए की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में गाड़ियों की पार्किंग, लगभग 4.50 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित कोविड आइसोलेशन केन्द्र तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कण्डाघाट में प्रयोगशाला प्रशिक्षण, 10.55 लाख रुपए की लागत से वार्ड नम्बर 7 में नाला के तटीयकरण, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कण्डाघाट में अल्ट्रासाउंड मशीन तथा 5 लाख रुपए से नगर पंचायत कण्डाघाट में सीसीटीवी कैमरा का उद्घाटन किया।
उन्होंने 7.50 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कण्डाघाट के लिए सम्पर्क सड़क की आधारशिला भी रखी। डॉ. राजीव सैजल ने क्षेत्र के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 11 हजार रुपए देने की घोषणा भी की। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा कण्डाघाट को पंचायत से नगर पंचायत बनाया गया। जिससे कण्डाघाट में विकास के नए आयाम स्थापित हुए है। उन्होंने कहा कि कण्डाघाट में नगर पंचायत बनने के पश्चात क्षेत्र में 02 करोड़ से अधिक की लागत से विकासात्मक कार्य किए गए है। क्षेत्र में सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए 26 सी.सी.टी.वी कैमरे लगाए गए है। क्षेत्र में शीघ्र ही 67 करोड़ रुपए की लागत से पेयजल योजना आरम्भ की जाएगी जिससे लोगों की पेयजल की समस्या का समाधान होगा।
डॉ. सैजल ने कहा कि विकास एक सतत प्रक्रिया है और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास के लाभ जन-जन तक पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, हिमकेयर तथा सहारा योजना और जनमंच जैसी अभिनव पहल को राष्ट्र स्तर पर सराहा गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल गृहिणी सुविधा तथा उज्ज्वला योजना के तहत अब पात्र परिवारों को अतिरिक्त निःशुल्क गैस सिलेंडर प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस वित्त वर्ष से सामाजिक सुरक्षा पेंशन की आयु सीमा घटाकर 60 वर्ष कर दी है। इससे प्रदेश के लाखों वरिष्ठ नागरिक लाभान्वित होंगे।
