सुंदरनगर :(TSN)-पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हर महीने लाखों करोड़ रुपए के उद्घाटन और शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी है। 10 साल के कार्यकाल में कोई भी ऐसा दिन नहीं गया होगा जिस दिन देश में विकास से जुड़े किसी कार्यक्रम की आधारशिला या लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नहीं किया गया हो। नेता प्रतिपक्ष मंडी जिला के सुंदर नगर में आयोजित त्रिदेव एवं पंच परमेश्वर सम्मेलन में बोल रहे थे।
जयराम ठाकुर ने कहा कि भयमुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त, सुशासन युक्त, पारदर्शी सरकार देना ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी है।जहाँ आम जनता के लिए सुविधाएँ हैं, सरकारी जवाबदेही है,जनहित की योजनाएं हैं और भ्रष्टाचारियों के लिए जेल है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्रमोदीद्वारा दस साल के कार्यकाल में जो काम हुए वह काम पिछले 70 सालों में भी नहीं हो पाए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव में जी जान से जुट जाएँ। इस बार हर बूथ से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को बढ़त दिलानी है। कार्यकर्ता जितनी मेहनत से जुटेंगे भारतीय जनता पार्टी की जीत उतनी बड़ी होगी।
