नूरपुर, संजीव-:नूरपुर विधानसभा क्षेत्र की पंचायत लोहारपुरा स्थित देव भराड़ी में नव-निर्मित वर्षा शालिका का उद्घाटन आज सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज द्वारा किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक रणवीर सिंह निक्का ने की, जबकि सहायक आयुक्त एवं खंड विकास अधिकारी दिव्या यादव विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, पंचायत प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि इस प्रकार के बुनियादी ढांचे ग्रामीण क्षेत्रों में अत्यंत उपयोगी साबित होते हैं और इससे लोगों को मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में राहत मिलेगी।वहीं विधायक रणवीर सिंह निक्का ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार गांवों में सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और आने वाले समय में क्षेत्र के विकास के लिए और भी योजनाएं लाई जाएंगी।कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों का धन्यवाद किया गया। नव-निर्मित वर्षा शालिका से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा मिलेगी, खासकर बरसात के मौसम में।
