हमीरपुर,अरविंद-:पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के 82वें जन्मदिन के उपलक्ष्य पर जिला हमीरपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गांधी चौक हमीरपुर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां सफाई कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सफाई कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए समाज में उनकी अहम भूमिका को रेखांकित किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्वच्छता कर्मियों का योगदान समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और उन्हें सम्मान देना हम सभी का दायित्व है।जिला भर में इस अवसर पर कई अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। बूथ, मंडल और जिला स्तर पर रक्तदान शिविर लगाए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं। इसके साथ ही समीरपुर में वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया जाएगा। खास तौर पर उन कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने की योजना है जिन्होंने राम मंदिर निर्माण आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई थी और कारावास भी झेला।
जिला भाजपा मीडिया प्रभारी विक्रमजीत बन्याल ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री का जन्मदिन पूरे जिले में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा सेवा और समर्पण की भावना के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें कार्यकर्ता बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।उन्होंने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने का कार्य भी करते हैं।
Chandrika
