अरविंदर सिंह,हमीरपुर (TSN): जिला परिषद कैडर में विभिन्न कर्मचारी पिछले 20 वर्षों से विभागों में विलय की मांग कर रहे हैं,लेकिन सरकार की ओर से उपेक्षा होने के कारण कर्मचारी सभी वित्तीय लाभों से वंचित हैं। यही वजह हैं कि अपनी इसी मांग को लेकर जिला परिषद अधिकारी एवं कर्मचारी महासंघ विकास खंड हमीरपुर इकाई के समस्त जिला परिषद कर्मचारियों ने विकास खंड परिसर के बाहर अनिश्चित कालीन कलम छोड़ हड़ताल शुरू कर दी हैं।
विभाग का काम लंबे समय से करने के बावजूद विभाग इन्हें सरकारी कर्मचारी नहीं मान रही हैं। न ही इन कर्मचारियों की पुरानी पेंशन का लाभ दिया जा रहा है न ही अन्य सरकारी कर्मचारियों की तरह इन्हें संशोधित वेतनमान का लाभ दिया गया हैं। इससे समस्त जिला परिषद वर्ग अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। संघ ने सरकार से मांग की है कि जिला परिषद के समस्त कर्मचारियों को अविलंब विभाग में समायोहित किया जाए। जब तक सरकार जिला परिषद संवर्ग की मांगों को नहीं मान लेती ये कर्मचरी वर्ग काम पर वापिस नहीं लौटेगा।
वहीं कांग्रेस नेता एवं पूर्व प्रत्याशी पुष्पेंद्र वर्मा ने जिला परिषद कर्मचारियों के साथ मुलाकात की। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों की समस्या के बारे में मुख्यमंत्री भलि भांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारी इस आपदा की घड़ी में सरकार के साथ काम करें क्योंकि पंचायतों में आपदा के चलते भारी नुकसान हुआ हैं ओर कार्य लटके हुए हैं जिन्हें पूरा करने का प्रयास किया जा रहा हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जैसे ही स्थिति में सुधार होगा कर्मचारियों के हितों में मद्देनजर रखते हुए नियमानुसार उचित कार्य किया जाएगा।
