चिंतपूर्णी, विकास-: स्वदेशी जागरण मंच के पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के संगठन मंत्री विनय शर्मा ने वीरवार को प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी मंदिर में माथा टेककर देश की समृद्धि और आत्मनिर्भरता की कामना की। इस दौरान उनके साथ मंदिर के वरिष्ठ पुजारी एवं खंड संघ चालक जीवन प्रकाश कालिया भी उपस्थित रहे। उन्होंने विधिपूर्वक पूजा-अर्चना करवाई और माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विनय शर्मा ने देशवासियों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने के लिए लोगों को विदेशी वस्तुओं और अनावश्यक आयात पर निर्भरता कम करनी होगी। उन्होंने विशेष रूप से सोने के बढ़ते आयात पर चिंता जताई और कहा कि पिछले वर्ष देश ने भारी मात्रा में सोना विदेशों से खरीदा, जिससे विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव बढ़ा है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे कुछ समय तक सोने की खरीद सीमित रखें और बचत को देशहित में उपयोग करें।विनय शर्मा ने किसानों से रासायनिक खाद के स्थान पर जैविक और देसी खाद का प्रयोग बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने ईंधन बचाने और प्रदूषण कम करने के लिए कार पूलिंग जैसी आदतों को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का उदाहरण देते हुए कहा कि राष्ट्रहित में छोटे-छोटे त्याग देश को बड़ी ताकत दे सकते हैं।उन्होंने बताया कि स्वदेशी जागरण मंच गांव-गांव और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी अभियान के प्रति जागरूक करने में जुटा हुआ है।
Chandrika
