Mandi,Dharamveer(TSN)-पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर ने पाकिस्तान को सख्त शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि अब भारत आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेगा और पाकिस्तान को हर स्तर पर इसकी कीमत चुकानी होगी।मंडी के सुंदरनगर में संविधान निर्माता डॉ.भीमराव अंबेडकर की सम्मान सभा संगोष्ठी की अध्यक्षता के बाद मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में अनुराग ठाकुर ने यह तीखा संदेश दिया।
अनुराग ठाकुर ने कहा,”जिस देश में जनता पहले ही रोटी के टुकड़ों के लिए तरस रही है,अगर वहां पानी की आपूर्ति भी थम जाए, तो खून किसका बहेगा,यह समय बताएगा।पाकिस्तान में अब रोटी और पानी दोनों के लाले पड़ने वाले हैं।”उन्होंने आगे कहा कि भारत 1965, 1971 और कारगिल युद्ध में पाकिस्तान को पराजित कर चुका है। “अब पाकिस्तान को धमकियां देना शोभा नहीं देता। भारत आतंकवाद को जड़ से समाप्त करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।चाहे आतंकी कहीं भी छिपे हों, उन्हें उनके अंजाम तक पहुँचाया जाएगा,” ठाकुर ने दोहराया।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के रक्षा मंत्री द्वारा दिए गए भड़काऊ बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि पूरी दुनिया जानती है कि पाकिस्तान आतंकवाद को संरक्षण देता आया है।उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान की सरकारें लगातार आतंक को बढ़ावा देती रही हैं।”पहलगाम हमले में शहीद हुए वीरों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।140 करोड़ भारतीय कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब आतंकवाद को समर्थन देने वालों को उसकी सजा मिलेगी,” ठाकुर ने कहा।
सिंधु जल समझौता स्थगित करने पर कहा ये
सिंधु जल समझौते पर भारत सरकार के निर्णय का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि यह तो बस शुरुआत है। “पाकिस्तान और उसके आतंकियों को इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।भारत सरकार हर आवश्यक कदम उठाने के लिए तैयार है और पीछे हटने का कोई प्रश्न ही नहीं उठता,” अनुराग ठाकुर ने स्पष्ट किया।
