नाहन : देवेंद्र कुमार ( TSN)- उद्योग एवं संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने वीरवार देर से सायं जिला सिरमौर के सराहां में आयोजित हो रहे तीन दिवसीय राज्य स्तरीय वामन द्वादशी मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता की। कार्यक्रम में सांसद सुरेश कश्यप व स्थानीय भाजपा विधायक रीना कश्यप ने भी मौजूद रही ।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने अपने सम्बोधन में क्षेत्रवासियों को मेले की बधाई दी और कहा कि मेले व त्यौहार हमारी पहाड़ी संस्कृति के परिचायक है । उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए स्थानीय प्रशासन को बधाई भी दी। अपने संबोधन में मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने यह भी कहा कि भाजपा की पूर्व सरकार ने चुनावी समय में राजनीतिक आधार पर बिना बजट सैकड़ो संस्थान खोले जिसे कांग्रेस सरकार को मजबूरन सत्ता में आते ही बंद करना पड़ा।अगर भाजपा द्वारा खोले गए संस्थाओं का संचालन होता तो 5 हजार करोड़ का अतिरिक्त बोझ सरकार पर पड़ता। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को 75 हजार करोड का कर्ज विरासत में मिला है, अकेले प्रदेश सरकार पर 11 हजार करोड़ की देनदारी कर्मचारियों की है। उन्होंने कहा कि पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में यदि कोई कार्यालय बंद हुआ है जो जायज होंगा तो उसे दोबारा लोगों की सुविधा के लिए खुलवाया जाएगा।
घिन्नी घाट को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में किया जाएगा विकसित
उद्योग मंत्री ने कहा कि पच्छाद के घिन्नी घाट क्षेत्र को औद्योगिक क्षेत्र बददी, कालाअंब व पांवटा साहिब औद्योगिक क्षेत्र की तर्ज पर विकसित किया जाएगा । जिससे हजारों युवाओं को रोजगार भी उपलब्ध होगा। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि आपदा के कारण 12 हजार करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है। इसके लिए प्रदेश सरकार ने प्रदेश में राष्ट्रीय आपदा घोषित करने के लिए प्रस्ताव पारित कर केन्द्र सरकार को भेजा है लेकिन खेद का विषय है कि विपक्षी दलों ने इस प्रस्ताव का समर्थन नही किया।
सांसद सुरेश कश्यप ने दी क्षेत्र वासियों को बधाई
सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि वामन द्वादशी ऐतिहासिक मेला है और पिछले कई सालों से इसका आयोजन होता आ रहा है। उन्होंने क्षेत्र वासियों को बधाई दी कि आज भी उनके द्वारा यह मेला परंपरा के अनुसार मनाया जा रहा है और यहां की संस्कृति को जिंदा रखा है।
