बिलासपुर : सुभाष ठाकुर (TSN)- घुमारवीं उपमंडल के भराड़ी थाना के तहत हरितल्यांगर गांव में बंदूक के छर्रे लगने से पांच वर्षीय मासूम गम्भीर रूप से घायल हो गया। बच्चा गम्भीर हालत में शिमला आईजीएमसी में दाखिल है। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। गोली लगने की वजह क्या रही पुलिस इसकी जांच कर रही है। मासूम को गोली मारी गई है या घटना की वजह और रही है इसकी जांच की जा रही है। हैरानी इस बात की है कि किसी ने भी पुलिस को सूचना नही दी और घायल बच्चे को आईजीएमसी शिमला पहुंचा दिया गया, जहाँ से डॉक्टर ने भराड़ी पुलिस को सूचना दी।
उधर शिमला – मटौर नेशनल हाइवे पर हरितलयांगर में ढाबा चलाने वाले राकेश ने पुलिस को दिए ब्यान में कहा कि वह किराये के कमरे में ढाबा चलाता है। ढाबा संचालक ने बताया कि रात करीब 10:30 बजे मकान मालिक कमल अपने पांच वर्षीय पोते को साथ लेकर आया व दोनो दादा पोता ढाबे के साथ वाले कमरे में चले गए। इसी दौरान कुछ ही पलों में अंदर से गोली चलने की आवाज आई। ढाबा संचालक राकेश के मुताबिक जब वह अंदर गया तो बन्दूक नीचे पड़ी थी। जबकि कमल ने अपने पांच वर्षीय पोते को उठाया हुआ था। फोरेंसिक टीम ने इस सम्बंध में अहम साक्ष्य एकत्रित किये। घटनास्थल से छः कारतूस, एक गन, गन पाऊडर और शराब की आधी बोलत सहित अन्य सामान बरामद हुआ है। वहीं डीएसपी घुमारवीं चन्द्रपाल ने कहा कि मामले के संदर्भ में ढाबा संचालक के ब्यान दर्ज किए जा रहे हैं। वहीं एक टीम आईजीएमसी भेजी गई है। हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।
