सिरमौर: देवेन्द्र कुमार – उद्योग मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हर्षवर्धन चौहान ने पूर्व की भाजपा सरकार पर जुबानी हमला बोला है। पावटा साहिब पहुंचे हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि पूर्व सरकार के समय में बीजेपी के नेता 25 साल तक हिमाचल प्रदेश में सत्ता में रहने का दावा करते थे, मगर वह 5 साल भी सरकार को सही तरीके से नहीं चला पाए।
OPS लागू कर निभाया कांग्रेस सरकार ने अपना वायदा
मंत्री बनने के बाद पहली मर्तबा गृह जिला पहुंचे हर्षवर्धन चौहान का पावटा साहिब में जोरदार स्वागत हुआ। इस दौरान अपने संबोधन में हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि 2017 में जब हिमाचल में बीजेपी सत्ता में आई थी तो बीजेपी के नेता हिमाचल में लंबे समय तक सत्ता में रहने के दावे करते थे। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि उनकी सरकार 5 साल के लिए सत्ता में व्यवस्था परिवर्तन के लिए आई है और अच्छा काम हुआ तो राज्य की जनता फिर उन्हें मौका देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपना हर वह वायदा पूरा करेगी जो प्रदेश की जनता से किया है और वायदे के मुताबिक पहली ही कैबिनेट में OPS का वायदा पूरा कर कांग्रेस सरकार ने राज्य के एक लाख 35 हजार के करीब कर्मचारियों को लाभ पहुंचाया है।
राज्य पर 75 हजार करोड़ का कर्जा
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर 75 हजार करोड का कर्जा है । वहीं 5 हजार करोड़ सेवानिवृत्त कर्मचारियों के जबकि 4 हजार करोड़ मौजूदा कर्मचारियों के लंबित है। उन्होंने कहा कि राज्य में आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए आने वाले समय में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
