अरविंदर सिंह,हमीरपुर: जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा सेक्टर में हुए हादसे में शहीद हुए हिमाचल के हमीरपुर जिले के जवान अमित शर्मा का अंतिम संस्कार सोमवार को राजकीय सम्मान के साथ पैतृक गांव तलाशी खुर्द में किया गया। जैसे ही शहीद जवान अमित शर्मा का पार्थिव शव घर पर पहुंचा तो माहौल गमगीन हो गया और पिछले पांच दिनों से अमित शर्मा के शव का बेसब्री से इंतजार कर रहे हर एक व्यक्ति की आंखे नम हो गई। इस अवसर पर एडीसी हमीरपुर जितेन्द्र सांजटा के अलावा ,एसडीएम हमीरपुर मनीष सोनी , तहसीलदार और सदर हमीरपुर के विधायक अशीष शर्मा व अन्य काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
एडीसी जितेन्द्र सांजटा ने बताया कि शहीद अमित शर्मा की शहादत पर सभी को गर्व है और आज पूरे राजकीय सम्मान के साथ अमित शर्मा का अंतिम संस्कार किया गया हैं। उन्होंने बताया कि शहीद के परिवार की हर संभव सहायता की जाएगी। सरकार की ओर से शहीद के परिवार को 5 लाख रुपए दिए जाएंगे । उन्होंने बताया की तहसीलदार को निर्देश दिए है जल्द ही शहीद के परिवार से बैंक डिटेल लेकर सरकार की ओर से 5 लाख रुपए दिए जाएंगे।
वहीं सदर हमीरपुर विधायक आशीष शर्मा में कहा की उन्हें सैनिक की शहादत पर नाज है और दुख भी हैं, जिन्होंने अपनी जान गवांई हैं। उन्होंने कहा की अमित शर्मा के शहीद होने पर क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं 14 डोगरा के कैप्टन सनी सुलखड़े ने कहा कि अमित शर्मा ने देश की रक्षा के लिए शहादत पाई है जो कि गर्व की बात हैं,लेकिन उन्हें इस शहादत से दुख भी हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना इनके परिवार का पूरा ख्याल रखेगी।
बता दें की जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा सेक्टर में जिस स्थान पर दुर्घटना हुई थी, वहां से शहीदों के शवों को तो निकाल लिया गया था,लेकिन बेस कैंप तक पहुंचाने में खराब मौसम के चलते देरी हुई थी। शहीद अमित के शव का भी देर शाम को श्रीनगर में पोस्टमार्टम किया गया और सोमवार सुबह श्रीनगर से अमित की पार्थिव देह को जम्मू में आर्मी सेंटर में लाया गया। सोमवार को चंडीगढ़ से पार्थिव देह सड़क मार्ग से अमित के पैतृक गांव लाया गया। तलाशी खुर्द में परिजन, रिश्तेदार और गांव के लोग शहीद बेटे की पार्थिव देह आने का इंतजार कर रहे थे।
