कुल्लू: मनमिंद्र अरोड़ा – सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा है कि सुक्खू सरकार में विकास कार्य फाइलों में नहीं बल्कि धरातल पर होंगें। उन्होंने कहा कि 31 मार्च तक पर्यटन प्रोजेक्टों की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएगी और जनता को पर्यटन के कार्य जमीन पर नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में नए टूरिस्ट डेस्टिनेशन विकसित होंगे ।
200 करोड़ से बनेगा विजली महादेव के लिए रोप वे
जिला कुल्लू का पर्यटन भी अंतरराष्ट्रीय पटल पर नजर आएगा। वे यहां बजौरा में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। वे सीपीएस बनने के बाद यहां पहली बार पहुंचे। उन्होंने कहा कि कुल्लू का विजली महादेव रोप वे 200 करोड़ की लागत से बनेगा। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट 170 करोड़ का था लेकिन इसमें कुछ बदलाव किए हैं और खराल घाटी को पर्यटन से जोड़ने के लिए 30 करोड़ रुपए की लागत से पेछा में बोर्डिंग व डी बोर्डिंग स्टेशन बनेंगे। उन्होंने कहा कि पहले अधिकारी कहते थे कि ओपीएस बहाल नहीं हो सकता। जैसे ही कांग्रेस की सरकार बनी और सुक्खू सीएम बने और उन्हीं अधिकारियों ने कहा कि ओपीएस बहाल हो सकती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऊर्जावान मुख्यमंत्री बने हैं जो रात 12 बजे तक काम करते हैं और व्यवस्था परिवर्तन में जुटे हुए हैं। इसी तरह कुल्लू में भी व्यवस्था परिवर्तन होगा। भुंतर सब्जी मंडी पुल भी बनेगा,भूतनाथ पुल भी बनेगा ,अस्पताल की व्यवस्था भी सुधरेगी और भुभु जोत टनल भी बनेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उन्हें महत्वपूर्ण विभाग दिए हैं और वे इसमें खरा उतरने का प्रयास करेंगें। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को लग रहा है कि उन्हें मंत्री नहीं बनाया लेकिन मुख्यमंत्री ने कुल्लू, मंडी को इतने विभाग देकर सम्मान दिया है।
