अरविंदर सिंह,हमीरपुर: भाजपा के प्रत्याशियों चुनाव प्रचार की कमान भाजपा के स्टार प्रचारकों ने संभाल रखी है। लगातार रैलियां ओर जनसभाएं हिमाचल में बीजेपी के आला नेता कर रहे है। वहीं बीजेपी के नेताओं की ओर से राहुल गांधी के हिमाचल ना आने को लेकर भी लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। वहीं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की ओर से राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर भी बयानबाजी की गई है। वहीं इस पर पलटवार करते हुए कांग्रेस मुख्य प्रवक्ता प्रेम कौशल ने मुख्यमंत्री की ओर से राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर एक जनसभा में दिए गए वक्तव्य पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि जिस विचारधारा को महात्मा गांधी के भारत छोड़ो आंदोलन की समझ नहीं उस विचारधारा के नेता भारत जोड़ो यात्रा का महत्व क्या समझेंगे।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का लक्ष्य और महत्व राजनीतिक महत्वकांक्षाओं से बहुत अलग है जिसका नफरत,बेमनस्य और सांप्रदायिकता एवं कोई भी रास्ता अख्तियार कर सत्ता हासिल करने की राजनीति करने वाले नहीं समझ सकते।
प्रेम कौशल ने कहा कि प्रदेश में बाहरी राज्यों से टिड्डी दल की शक्ल में आ रहे भाजपा नेताओं का मुकाबला करने के लिए प्रियंका गांधी, कांग्रेस के स्थानीय नेता और पार्टी के कार्यकर्ता ही काफी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राहुल गांधी को याद कर दुबला होने की बजाए ओक ओवर से अपना सामान समेटने की ओर ध्यान केंद्रित करें क्योंकि अब उनकी विदाई का समय आ चुका है।
