मंडी :धर्मवीर (TSN)-मात्र राजनीति करने के लिए भाजपा विधायकों द्वारा विधानसभा में गारंटीयों का मुद्दा उछाला जा रहा है। चौराहे पर दूध व गोबर बेचने की बजाय भाजपा विधायकों को विधानसभा में अपनी बात रखनी चाहिए। यह बात पूर्व मंत्री व कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश चौधरी ने मंडी में केंद्र सरकार के खिलाफ निकाली गई विरोध रैली के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए कही।
प्रकाश चौधरी ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार ने तीन गारंटियां पूरी की है और अन्य गारंटियां भी जल्द पूरी कर दी जाएगी। उन्होंने भाजपा नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि मात्र राजनीति करने के लिए विधानसभा में गारंटीयों का मुद्दा उछाला जा रहा है। भाजपा पार्टी के विधायकों को चौराहे पर दूध व गोबर बेचने की बजाय विधानसभा में अपनी बात रखनी चाहिए। प्रदेश जनता ने भाजपा विधायकों को चुनकर विधानसभा के लिए ही भेजा है। वहीं जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जब से केंद्र सरकार सत्ता में आई है तब से तानाशाही रवैया अपनाया जा रहा है और संसद में विपक्ष की अनुपस्थिति में बिल भी पास करवाए जा रहे हैं। जिन कांग्रेस सांसदों ने संसद में हमले के विरोध में आगाह किया उन्हें ही संसद से बाहर कर दिया गया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बेरोजगारी और महंगाई सहित अन्य मुद्दों से लोगों का ध्यान हटाने के लिए इस तरह के हथकंडे अपनाए हैं, जिसका पार्टी विरोध करती है।
मंडी में केंद्र सरकार के खिलाफ निकाली गई रैली
बता दें कि लोकसभा व राज्यसभा से विपक्षी सांसदों के निलंबन के बाद कांग्रेस पार्टी केंद्र सरकार के खिलाफ सडकों पर उतर आई है। विरोध स्वरूप देशभर में विपक्षी पार्टियों द्वारा सरकार के इस निर्णय को तानाशाही रवैया करार देते हुए जमकर प्रदर्शन किया जा रहा है।इसी कड़ी में शुक्रवार को जिला कांग्रेस ने मंडी में रैली निकाल कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर मोर्चा खोला। हाथों में बैनर लेकर कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र की सरकार तानाशाही रवैया अपनाए हुए लोकतंत्र को समाप्त करने पर लगी हुई है। पूर्व मंत्री व कांग्रेस कमेटी जिला अध्यक्ष मंडी प्रकाश चौधरी की अगवाई में हुए इस प्रदर्शन में दर्जनों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
