Hamirpur, Arvind-:प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 11 दिसंबर को मंडी में आयोजित होने वाले जन संकल्प सम्मेलन के लिए जिला हमीरपुर से जाने वाले लाभार्थियों और अन्य प्रतिभागियों की यात्रा को सुचारू बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में उपायुक्त अमरजीत सिंह ने हमीर भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें सभी एसडीएम और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने बताया कि जिले के विभिन्न उपमंडलों से बड़ी संख्या में लोग छोटे व बड़े वाहनों के माध्यम से मंडी पहुंचेंगे। इनमें सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थी भी शामिल होंगे, जिनकी संख्या पर्याप्त होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों से चलने वाले वाहनों की संभावित संख्या और निर्धारित रूट की जानकारी समय पर मंडी जिला प्रशासन के साथ साझा करें। इससे मंडी में इन वाहनों की पार्किंग, ट्रैफिक प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से सुनिश्चित किया जा सकेगा।
उपायुक्त अमरजीत सिंह ने बताया कि सम्मेलन के मद्देनज़र एचआरटीसी को भी पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। बसों की उपलब्धता, रूट प्रबंधन और यात्रियों की सुविधा पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। उन्होंने उपमंडल अधिकारियों से बसों की अंतिम संख्या जल्द भेजने के निर्देश दिए, ताकि लाभार्थियों और अन्य यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।उन्होंने सभी अधिकारियों से समन्वय बनाए रखने और कार्यक्रम से पूर्व सभी तैयारियों की दोबारा समीक्षा करने को कहा, ताकि यह आयोजन सफल और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
