सोलन : योगेश शर्मा – सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने इस सीजन में सेब वजन के हिसाब से बेचने की व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है, लेकिन इस फैसले को मानने से आढ़तियों ने साफ इंकार कर दिया है। आढ़तियों का कहना है कि वे किलो के हिसाब से सेब नहीं बेचेंगे। इसके साथ ही आज से कालका से लेकर रोहड़ू तक सेब बहुल क्षेत्रों की सभी मंडियों में सेब नहीं खरीदने और हड़ताल पर जाने का ऐलान भी आढ़तियों ने कर दिया है।
प्रदेश सरकार ने बागवानों की मांग पर ही पहली बार सेब को किलो के हिसाब से बेचने का निर्णय लिया है। ऐसा इसलिए भी है क्योंकि एपीएमसी एक्ट में भी किलो के हिसाब से बेचने का प्रावधान है। हालांकि कई सालों तक इसको कड़ाई से लागू नहीं किया गया। अब प्रदेश में सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने इसको लागू कर सेब वजन के हिसाब से बेचने का प्रावधान किया है, लेकिन आढ़ती इसके लिए इंकार कर रहे हैं। आढ़ती उदय चौहान, सुनील ठाकुर व स्वरूप ठाकुर
का कहना है कि मंडियो में इतनी जगह नहीं है कि यहां सेब की पेटियों का वजन किया जा सके, आढतियों के इस फैसले से बागवानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
