ज्वाली,संजीव महाजन- विधानसभा क्षेत्र ज्वाली के तहत ग्राम पंचायत मैरा के वार्ड नंबर-8 में अज्ञात चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और एक लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर ज्वाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मकान मालिक पवन कुमार ने बताया कि उन्होंने रात करीब 11 बजे रसोईघर के साथ बने एक कमरे को ताला लगाकर बंद किया था। सुबह करीब साढ़े चार बजे जब उनकी नींद खुली तो कमरे का दरवाजा खुला हुआ था और ताला गायब था। इसके बाद उन्होंने परिजनों और भाइयों को जगाया तथा कमरे की जांच की।
कमरे के अंदर रखी गोदरेज की छोटी अलमारी भी लॉक थी। चोरों ने किसी वस्तु की मदद से अलमारी के ऊपरी हिस्से से लॉक को फंसाकर तोड़ दिया और उसमें रखे आभूषण व नकदी निकाल ली। पवन कुमार के अनुसार अलमारी में सोने-चांदी के कई आभूषण रखे थे। इनमें नथ, टीका, दो अंगूठियां, सोने के कांटे, चांदी की एक जोड़ी छगले, पैरियां तथा दोनों बेटों के कंगन शामिल थे।
चोर आभूषण रखने वाली डिब्बी को खाली करने के बाद मौके पर ही छोड़ गए, जबकि अलमारी का ताला अपने साथ ले गए। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद चोर करीब 100 मीटर दूर रेलवे लाइन के पास 500 रुपये के नोटों का एक हार छोड़कर फरार हो गए।पवन कुमार ने बताया कि उनके मकान में इन दिनों पलस्तर का काम चल रहा है। मजदूरों, मिस्त्री और दुकानदारों का भुगतान करने के लिए उन्होंने दो दिन पहले अपने भाई मिलाप सिंह से एक लाख रुपये उधार लिए थे। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि भुगतान के लिए रखी गई यह रकम चोरों के हाथ लग जाएगी।घटना की जानकारी ग्राम पंचायत मैरा के प्रधान रोहित कुमार को फोन पर दी गई। सूचना मिलते ही पंचायत प्रधान मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने ज्वाली पुलिस को सूचित किया।पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। वारदात में शामिल लोगों का सुराग लगाने के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्र में भी जानकारी जुटा रही है।

