संजु चौधरी, शिमला: शिमला नगर निगम चुनावों में कई दिग्गज नेता भी इस बार चुनावी मैदान में उतरे हैं।कांग्रेस शिमला शहरी के अध्यक्ष और पूर्व में रहे दो बार पार्षद रहे जितेंद्र चौधरी ने भी निगम चुनावों में चुनावी ताल ठोकी हैं और भराड़ी वार्ड से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया हैं। मंगलवार को अपने समर्थकों के साथ जितेंद्र चौधरी ने उपायुक्त कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया और अपनी जीत का दावा किया और साथ ही पूर्व की भाजपा सरकार पर भी जमकर निशाना साधा।
जितेंद्र चौधरी ने कहा कि वह पूर्व में दो बार पार्षद रह चुके हैं और अभी उनकी धर्मपत्नी भराड़ी वार्ड से ही पार्षद थी । वार्ड में लोगों की समस्याओं का समाधान करवाने का प्रयास किया गया हैं। क्लस्टन में कम्युनिटी हॉल बनाने के साथ भराड़ी में भी कम्युनिटी हॉल बनाने के लिए पूर्व सांसद आनंद शर्मा की ओर से 7 लाख दिए गए हैं और उसका काम भी शुरू होगा। इसके अलावा भराड़ी वार्ड में पार्किंग,खेल मैदान बनाना उनकी प्राथमिकता रहेगी और इन मुद्दों को लेकर वह जनता के बीच जाएंगे।
इस दौरान उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधा और कहा कि पूर्व में प्रदेश में भाजपा की सरकार थी और शिमला नगर निगम भी भाजपा की थी। शहर में स्मार्ट सिटी के नाम पर डंगे और लोहे का ढांचा खड़ा करने के अलावा उन्होंने कोई काम नहीं किया हैं । स्मार्ट सिटी के पैसे की बर्बादी की गई हैं। अब जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है और नगर निगम में कांग्रेस के काबिज होने के बाद शिमला शहर का एक समान विकास किया जाएगा ।
