ऊना: यूं तो रोजाना ही ना जाने कितने लोग अपनी गाडियों में या अन्य वाहनों पर किसी पयर्टन स्थल की यात्रा पर निकलते है लेकिन हरियाणा का एक शख्स ऐसा है जिसने हरियाणा से लेह लद्दाख तक का सफर अपनी साइकिल पर पूरा किया है । जी हां हरियाणा के कैथल जिले के जितेंद्र सिंह ने 30 मई को अपने इस सफ़र की शुरुआत कैथल से शुरू की थी,जिसके बाद हरियाणा से होते हुए पंजाब, जालंधर, जम्मू कश्मीर, श्रीनगर, कारगिल से होते हुए वह लेह लद्दाख पहुंचे।
लेह-लद्दाख से वह वापसी पर मनाली, मणिकर्ण ओर मंडी पहुंचने के बाद हिमाचल के शक्तिपीठों की यात्रा कर आज ऊना पहुंचे है। जितेंद्र का कहना है कि साइकिल पर सफ़र करने का उनका मुख्य मकसद लोगों को पर्यावरण स्ववच्छता और फिटनेस का संदेश देना है। उनका कहना है कि अगर आप साइकिल से यात्रा करते है तो इस दौरान किसी भी प्रकार का प्रदूषण नहीं फैलता है और पर्यावरण भी दूषित नहीं होता है। साइकिल चलाने से मनुष्य भी तंदुरुस्त रहता है इसलिए वह लोगों को पर्यावरण को साफ-सुथरा रखने और ज्यादा से ज्यादा साइकिल चलाने के प्रति जागरूक कर रहे है।
55 दिन का सफ़र पूरा 2 माह बाद वापिस पहुंचेंगे कैथल
जितेंद्र सिंह ने कैथल से लेह- लद्दाख ओर वापसी पर ऊना तक का सफ़र 55 दिन में पूरा किया है और आज वह ऊना पहुंचे है। जितेंद्र की माने तो वह अपने जिले कैथल में करीब 2 महीने बाद पहुंचेंगे और अपने परिजनों से मिलेंगे।
