हमीरपुर, अरविंद -: राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की प्रशिक्षण गतिविधियों को नई गति देने के उद्देश्य से हमीरपुर के जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) डूंगरी में जून माह के दौरान तीन बड़े प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में करीब 1800 कैडेट्स भाग लेकर सैन्य प्रशिक्षण, नेतृत्व विकास और साहसिक गतिविधियों का अनुभव प्राप्त करेंगे। एनसीसी अधिकारी कर्नल जीपी सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि बटालियन की बढ़ी हुई क्षमता को देखते हुए इस वर्ष व्यापक स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किया गया है।
कर्नल जीपी सिंह ने बताया कि वर्तमान में बटालियन की कुल शक्ति 3520 कैडेट्स तक पहुंच चुकी है। बड़ी संख्या में कैडेट्स को बेहतर प्रशिक्षण और प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उन्हें तीन अलग-अलग शिविरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक शिविर की अवधि 10 दिन निर्धारित की गई है और सभी का आयोजन जेएनवी डूंगरी परिसर में किया जाएगा।उन्होंने बताया कि पहला प्रशिक्षण शिविर 4 जून से 13 जून तक आयोजित किया जा रहा है। इस शिविर में लगभग 700 कैडेट्स हिस्सा ले रहे हैं। विशेष बात यह है कि शिमला ग्रुप से भी 100 अतिरिक्त कैडेट्स इस कैंप में शामिल हुए हैं। यह शिविर थल सेना कैंप (टीएससी) के लिए प्रारंभिक चयन प्रक्रिया का आधार बनेगा। चयन प्रक्रिया का संचालन स्वयं कर्नल जीपी सिंह करेंगे। शिविर के दौरान कैडेट्स को ड्रिल, शारीरिक प्रशिक्षण, नेतृत्व कौशल और सैन्य गतिविधियों का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
दूसरा शिविर 14 जून से 23 जून तक आयोजित होगा, जिसमें लगभग 600 कैडेट्स भाग लेंगे। इस शिविर की प्रमुख विशेषता माउंटेनियरिंग एवं हाइकिंग अभियान रहेगा। अभियान के लिए 25 चयनित कैडेट्स को 6 से 7 दिनों की पर्वतीय ट्रैकिंग पर भेजा जाएगा।ट्रैकिंग कार्यक्रम के तहत मैक्लोडगंज, करेरी लेक, तुंड क्षेत्र, पालमपुर हाइट्स और बरोट हाइट्स जैसे प्राकृतिक एवं चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इस साहसिक अभियान का नेतृत्व भी कर्नल जीपी सिंह करेंगे। उनका कहना है कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में आत्मविश्वास, धैर्य और टीम भावना को मजबूत बनाते हैं।तीसरा शिविर 24 जून से 3 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा। इसमें भी करीब 600 कैडेट्स भाग लेंगे। इस शिविर के दौरान विशेष साइकिलिंग अभियान आयोजित होगा, जिसके लिए आवश्यक साइकिलों की व्यवस्था पहले ही की जा चुकी है। अभियान में 20 चयनित कैडेट्स हिस्सा लेंगे। यात्रा जेएनवी डूंगरी से शुरू होकर हमीरपुर, मंडी और बिलासपुर जिलों के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। पहला पड़ाव सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा होगा। इसके बाद दल पालमपुर, अलीलाल, जोगिंद्रनगर, मंडी और बिलासपुर होते हुए पुनः जेएनवी डूंगरी लौटेगा। यह अभियान लगभग 7 से 8 दिनों में पूरा किया जाएगा।
कर्नल जीपी सिंह ने कहा कि एनसीसी द्वारा प्रदान किए जाने वाले ए, बी और सी सर्टिफिकेट युवाओं के लिए अग्निवीर भर्ती और सशस्त्र बलों में करियर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रसेवा की भावना का भी विकास करती है। उन्होंने भरोसा जताया कि इन शिविरों से कैडेट्स को बहुमूल्य अनुभव मिलेगा और उनका सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास होगा। साथ ही सभी कार्यक्रमों के दौरान बटालियन के सेकंड-इन-कमांड अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, जिससे प्रशिक्षण और व्यवस्थाओं का संचालन सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जा सके।
TAGGED:
Hamirpur JNV Dungri
Chandrika
