नूरपुर, संजीव -: पुलिस जिला नूरपुर ने नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस और सीआईए टीम द्वारा की गई इन कार्रवाइयों में 11.06 ग्राम चिट्टा (हेरोइन), 512 ग्राम चरस तथा एक कार बरामद की गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि जिले में नशा तस्करी पर लगाम लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को पुलिस और सीआईए टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की।पहले मामले में चक्की पुल कंडवाल के पास नाकाबंदी और नियमित वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक ऑल्टो कार को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान कार से 4.24 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही वाहन को कब्जे में लेकर उसमें सवार चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दरवेश नाथ, कमलेश कुमार, नितिन सिंह और विकास कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी जिला चंबा के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस ने इस संबंध में थाना नूरपुर में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।दूसरी कार्रवाई में सीआईए टीम ने बस स्टॉप नियाद क्षेत्र में एक व्यक्ति को 512 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद तलाशी लेने पर उसके कब्जे से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई।गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमेश चंद (40) निवासी गांव डोभी, जिला चंबा के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसे किस क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था।तीसरे मामले में सीआईए टीम ने मथोली स्थित शिव मंदिर के समीप चैकिंग के दौरान एक युवक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 6.82 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान सूरज (34) निवासी गांव जैसर, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।पुलिस ने तीनों मामलों में बरामद नशीले पदार्थों को जब्त कर लिया है और आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इन मामलों के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
एसपी कुलभूषण वर्मा ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस पूरी गंभीरता के साथ काम कर रही है और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।उन्होंने लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र में नशे की तस्करी, खरीद-फरोख्त या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
Chandrika
