राकेश, ऊना: जिला ऊना के संतोषगढ़ में ऐतिहासिक गुरुरविदास मंदिर में मनाए जाने वाले जोड़ मेला समागम में इस बार हिमाचल के राज्यपाल मुख्य अतिथि के रुप में शिरकत करेंगे। इस दौरान मंदिर में लगने वाली प्रदर्शनियों का भी राज्यपाल जायजा लेंगें, साथ ही गुरु की वाणी के वचन भी सुनेंगे। राज्यपाल के आने को लेकर मंदिर कमेटी ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं जिसको लेकर मंदिर प्रशासन की तरफ से मंगलवार को ऊना में प्रेसवार्ता कर जोड़ मेले को लेकर जानकारी दी गई।
मंदिर कमेटी के सदस्य बलवंत ठाकुर ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल 22 जनवरी को संतोषगढ़ के श्री गुरु रविदास के मंदिर में होने वाले जोड़ मेले में मुख्य अतिथि के रुप में शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा इस जोड़ मेले में दूर-दूर से लोग गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए आते हैं। इस बार का यह जोड़ मेला ऐतिहासिक होगा क्योंकि इस बार हिमाचल के राज्यपाल इस मेले में शिरकत करेंगे।
