अरविंदर सिंह, हमीरपुर: प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों में समय कम रह गया है। ऐसे में भाजपा की ओर से अपने स्टार प्रचारकों को चुनावी मैदान में प्रत्याशियों के प्रचार प्रसार के लिए उतारा गया है। बुधवार को बिझड़ी ताल स्टेडियम में भाजपा प्रत्याशी माया शर्मा के चुनाव प्रचार में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि हिमाचल भारत का मुकुट है। शांतिप्रिय इस देवभूमि वाले प्रदेश ने देश की सीमाओं की रक्षा करने के लिए हमेशा कुर्बानियां दी है। यहां के सैनिकों का पराक्रम सर्वश्रेष्ठ है।
योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने उत्तर प्रदेश में माफिया का सफाया कर दिया है। उनका राम नाम सत्य हो चुका है। अब जो माफिया बच गया है वह नया ठिकाना ढूंढ रहा है। हिमाचल एक सुरक्षित और शांत प्रदेश है ऐसे में यहां की सरकार और लोगों को इस मामले को अपने प्रदेश के अंदर घुसने नहीं देना है। यह तभी संभव है जब यहां दोबारा भाजपा की सरकार सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि आज केंद्र की मोदी सरकार देश की धार्मिक विरासत को बचाने में लगी हुई है। धार्मिक विरासत के प्रति सम्मान का ही नतीजा है कि अयोध्या में 500 सालों के बाद भव्य राम मंदिर का निर्माण शुरू हो चुका है। हर भारतवासी इसके लिए गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
उन्होंने कहा कि आक्रमणकारियों ने इसके ऊपर विवादित ढांचा खड़ा किया था और काल के चक्कर में अब अपना काम दिखाते हुए फिर से यहां राम मंदिर का काम शुरू करवा दिया है। काशी विश्वनाथ धाम को भव्य स्तर पर संवारा गया है। मथुरा वृंदावन और महाकाल मंदिर को भी भव्य तरीके से बनाया गया है। योगी ने कहा कि बाबा बालक नाथ की पावन भूमि पर आकर वह अपने आप को सौभाग्य शाली मान रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल की हर घाटी ने मंदिर है जो विश्व भर में विख्यात है। यहां की सज्जनता, शौर्य, पराक्रम यहां के नौजवानों में देखने को मिलता है। यहां लोगों में पानी जैसे संवेदना भी है।
उन्होंने कहा कि देश की मोदी सरकार ने सैनिकों को सम्मान देने का काम किया है। मोदी यहां लंबे समय तक पार्टी के लिए काम करते रहे हैं । एक-एक गांव में पैदल घूम कर यहां की भूमि को अच्छी तरह से जानते हैं और यही वजह है कि हिमाचल के विकास को लेकर उनके दिल के द्वार हमेशा खुले रहते हैं। उस डबल इंजन की सरकार ने यहां रिकॉर्ड विकास करवाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी माया शर्मा को जीता कर लोग इस विकास को गति दे। पीछे जो गलती लोगों से हो चुकी है उसे अब ठीक करने का वक्त आ चुका है।
नड्डा अनुराग को बताया हिमाचल का सपूत
योगी आदित्यनाथ में कहा कि आज संगठन के रूप में जो शीर्ष नेतृत्व है हिमाचल से हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हिमाचल के सपूत है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी हिमाचल के सपूत है और वह इस प्रदेश को आगे ले जाने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में बड़ी-बड़ी विभूतियां इस देश को दी है। हिमाचल विकास का मॉडल है और इस विकास की रफ्तार अब कम नहीं पढ़नी चाहिए।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जयराम सरकार की ओर से सत्ता में आकर विकास को फिर से नई गति देगी। उन्होंने कहा कि आज दुनिया में भारत का परचम लहरा रहा है और भारत पांचवी अर्थव्यवस्था बन चुकी है। एक भारतवंशी आज इंग्लैंड का प्रधानमंत्री बन गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस क्यों आज तक देश के दशकों पुराने चले आ रहे मुद्दों को हल नहीं कर पाई। कांग्रेस के लिए विकास और देश कभी भी एजेंडे में नहीं रहा। लोगों ने कांग्रेस को लंबे समय तक कुछ करने का मौका दिया लेकिन उसने इस मौके का फायदा जनता को नहीं दिया।
