अरविंदर सिंह,हमीरपुर: हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र से जहां भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी चुनावी मैदान में है। वहीं इन प्रत्याशियों को टक्कर देने के लिए आजाद उम्मीदवार के तौर पर आशीष शर्मा भी चुनावी मैदान में उतरे हैं। आशीष शर्मा अपनी जीत को पक्का करने के लिए हमीरपुर विधानसभा के सभी पंचायतों में जाकर लोगों से अपने लिए समर्थन मांग रहे हैं।
आजाद प्रत्याशी आशीष शर्मा ने बुधवार को ग्राम पंचायत उखली में लोगों का आशीर्वाद लिया। इस दौरान समाजसेवी प्रकाश शर्मा भी उनके साथ मौजूद रहे। इस मौके पर आशीष ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर की 40 पंचायतों में एक समान विकास के लिए प्लान तैयार किया जा रहा है। लोगों के बीच जाकर पंचायत स्तर पर उनकी समस्याएं ली जा रही हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता से कार्य किया जाएगा।
आशीष शर्मा ने कहा कि अगर लोग आशीर्वाद देते हैं तो उनकी उम्मीदों पर खरा उतरते हुए कार्य किया जाएगा, ताकि विधानसभा के लोग कभी अपने दिए हुए वोट पर पछतावा न करें। वह ऐसी नौबत ही नहीं आने देंगे कि लोगों को कोई मलाल हो। उन्होंने लोगों को यकीन दिलवाते हुए कहा कि एक बार अगर लोगों ने उन्हें चुनकर विधानसभा पहुंचाया तो हमीरपुर की तस्वीर और तकदीर बदल कर दिखाएंगे।
उन्होंने कहा कि वो जो लोग पांच साल सत्ता का सुख भोगने के बाद भी कुछ नहीं कर पाए उनके लिए भी एक मिसाल पेश करेंगे,ताकि आगामी समय में कोई विधायक बनने की सोचे तो सत्ता हासिल करने की बजाए विकास को तवज्जो दे। उन्होंने कहा कि वह यह नहीं कहते कि पहले विकास नहीं हुआ, लेकिन वह यह विश्वास दिलाते हैं कि पहले से अधिक विकास और तेज गति से काम करवाएंगे।
इस दौरान उन्होंने कहा कि कुछ लोग ऐसे हैं जो खुद विकास नहीं करवा पाए और जब कोई विकास के लिए आगे आ रहा है तो उनकी टांगे खींचने में लगे हुए हैं। इस मौके पर आशीष ने उखली बाजार में भी डोर टू डोर जाकर व्यपारियों का आशीर्वाद लिया। वहीं उनकी धर्मपत्नी स्वाति शर्मा ने नगर परिषद हमीरपुर में डोर टू डोर लोगों का आशीर्वाद लिया।
