बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: झंडूता से भाजपा प्रत्याशी जीतराम कटवाल ने कहा कि कभी पानी के लिए तरसने वाला पिछड़ा क्षेत्र कोटधार अब दूसरे क्षेत्रों की प्यास भी बुझाएगा। अगले कई वर्षों को ध्यान में रखते हुए करोड़ों रुपए की लागत की पेयजल योजना से जहां कोटधार क्षेत्र की सभी 14 पंचायतों की पानी की जरूरत पूरी होगी। वहीं आसपास की कई अन्य पंचायतों तक भी इस योजना का पानी पहुँचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले 5 वर्षों में झंडूता विधानसभा क्षेत्र के विकास की दृष्टि से काफी काम हुआ है। कुछ काम चल रहे हैं, जबकि कुछ किए जाने बाकी हैं।
प्रदेश में दोबारा भाजपा की सरकार बनने पर इन सभी कार्यों को भी सिरे चढ़ाया जाएगा। जीतराम कटवाल ने बुधवार को लगभग एक दर्जन चुनावी सभाओं के माध्यम से लोगों से संपर्क साधा। बीच-बीच में उन्होंने डोर-टू-डोर भी लोगों से मुलाकात की। सुबह करीब 9 बजे भड़ोलीखुर्द से शुरू किया गया दिन का जनसंपर्क अभियान भड़ोलीकलां, बकैण, कलोल-1, कलोल-2, सिल्ह, जेजवीं, सिलवीं, सलवाड़ व मरोत्तन होते हुए शाम के समय फुफली झुलवाणा में संपन्न हुआ।
वह परमवीर चक्र विजेता संजय कुमार के घर भी गए। कटवाल ने कहा कि भाजपा और विकास एक-दूसरे के पर्याय हैं। देश और प्रदेश में भाजपा जब भी सत्ता में आई, विकास की गंगा बही है। झंडूता विधानसभा क्षेत्र में भी चहुँमुखी विकास हुआ है। यही वजह है कि चुनावी बेला में दूसरी पार्टियों की तरह झूठे वादों, घोषणाओं और भ्रामक प्रचार का सहारा लेने के बजाए भाजपा विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है।
